दिबियापुर (औरैया)। बीते दिनों लखनऊ में हुई सराफा व्यापारी की लूटपाट के बाद गोली मारकर घायल होने के मामले के बाद उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक ने दिबियापुर थाने में सोमवार की शाम नगर के सराफा व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने व्यापारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए हैं।
दिबियापुर थाने में अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने सराफा व्यापारियों के साथ बैठक में दिशा-निर्देश दिए अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाएं और आपस में व्यापारी मिलकर रात में एक चौकीदार की नियुक्ति कर दुकान की रखवाली करवाएं। पुलिस समय-समय पर गश्त करती रहेगी और दिन में संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखकर पुलिस को सूचना जरूर दें। व्यापारियों ने भी नगर के नहर तिराहे पर आए दिन जाम लगने व अतिक्रमण की समस्या बताई। इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की। जिस पर अपर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि समुचित उपाय कर जाम की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। बड़े वाहनों की नो इंट्री का सख्ती से पालन कराने के इंस्पेक्टर को निर्देश दिए। इस अवसर पर दिबियापुर थाने के इंस्पेक्टर संजीव सिंह ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी कोई भी समस्या हो वह हमसे मिलकर जरूर बताए और समस्या का निराकरण किया जाएगा।