बिधूना। सर्किल क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों व नंबर प्लेट को कपड़ा व ग्रीस लगाकर ढकने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने ऐसे 55 वाहनों का चालान किया है।
सीओ पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि बिधूना सर्किल में यातायात और खनन संबंधी प्रवर्तन कार्रवाई के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान बिधूना थाना क्षेत्र में 11 डंपरों का चालान करते हुए 26000 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं, बेला थाना क्षेत्र में 14 वाहनों का चालान कर 50 हजार रुपये, अछल्दा थाना क्षेत्र में 5 वाहनों से 5500 रुपये, एरवाकटरा थाना क्षेत्र में 10 वाहनों से 19000 रुपये वसूले गए।
इसके अलावा सहार थाना क्षेत्र में पांच वाहनों का चालान कर 32000 रुपये तथा कुदरकोट थाना क्षेत्र में 10 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 15000 रुपये समन शुल्क वसूला गया। सीओ ने बताया कि बिधूना सर्किल में पिछले चार दिनों से लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। (संवाद)