औरैया। कृषि विभाग में सिंचाई के लिए सोलर पंप को बढ़ावा देने के लिए अनुदान की धनराशि बढ़ा दी गई है। अब किसान कम दाम पर सोलर पंप लगा सकेंगे। दो, तीन व पांच हार्स पावर के सोलर पंप के दाम घटाए गए हैं। किसान को 25 फरवरी तक आवेदन जिला पंचायत कार्यालय के बगल में स्थित उप कृषि निदेशक कार्यालय में जमा करना होगा।
उप कृषि निदेशक विजय कुमार ने बताया कि दो हार्स पावर के 15 पंप लगाए जाएंगे। इसमें किसानों को 37,326 रुपये का बैंक ड्राफ्ट जमा करना होगा। अभी तक इसकी कीमत 50,820 रुपये थी। तीन हार्स पावर के लिए 56,580 व 55,367 रुपये का बैंक ड्राफ्ट देना होगा। तीन हार्स पावर डीसी पंप के लिए 20 तथा 25 तीन हार्स पावर एसी डीसी पंप का लक्ष्य है। अभी तक दो हार्स पावर के लिए एक तथा तीन हार्स पावर एसी के लिए दो ड्राफ्ट प्राप्त हो चुके हैं। उप कृषि निदेशक ने बताया कि पहले आओ और पहले पाओ की तर्ज पर किसानों के आवेदन मंजूर किए जाएंगें। 25 फरवरी तक किसान अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। साथ में जितने हार्स पावर का सोलर पंप लगवाना है। उसकी धनराशि बैंक ड्राफ्ट में जमा करानी होगी।
जिले के औरैया, अजीतमल, भाग्यनगर, अछल्दा, एरवाकटरा, बिधूना व सहार ब्लॉक में कुल 110 सोलर पंप कृषि विभाग द्वारा लगाए जा चुके हैं। जिनमें ग्राम खानपुर, तुर्कीपुर, भाग्यनगर समेत लगभग एक दर्जन नलकूपों की प्लेट चोरी हो चुकी हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो ज्यादातर मामलों में किसान ही प्लेटों को अन्य कार्यों में लगा रहे हैं।
-दो और तीन हार्स पावर के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय में जमा होंगे आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो