बेला (औरैया)। दिबियापुर से कन्नौज प्राइवेट बस से जा रही महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई तो चालक ने गाड़ी को एक किनारे लगाकर सवारियों को उतार दिया। महिला सवारियों ने महिला का प्रसव कराया। सवारियों की सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने महिला को बेला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
कानपुर देहात के अलीपुर निवासी सपना पति जसवंत के साथ दिबियापुर से प्राइवेट बस से कन्नौज जा रही थी। अचानक बेला चौराहे पर बस में ही महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। पति द्वारा चालक को सूचना देने पर चालक ने बस को एक तरफ लगाया और सभी सवारियों को उतार दिया।
बस में मौजूद महिला सवारियों ने प्रसव कराया। बाद में सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां इलाज के बाद एंबुलेंस से उसकी ननद के घर कुर्सी भेज दिया गया। प्रसूता ने एक बच्ची को जन्म दिया है। दोनों स्वस्थ हैं।
-एंबुलेंस ने महिला को बेला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया
अमर उजाला ब्यूरो