उरई/कदौरा । शारदीय नवरात्र पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी माता की गुरुवार को पूजा-अर्चना की गई। भक्तों ने पूजन सामग्री माता के चरणों में अर्पित कर माता का शृंगार किया। मंदिरों व घरों में कन्याओं को भोज कराया गया तो मंदिरों व देवी पंडालों में पूरे दिन माता के जयकारे गूंजते रहे।
नवरात्र की अष्टमी पर गुरुवार को शहर के लक्ष्मी मंदिर, संकटा माता, हुल्की माता, कालोनी वाली माता, शीतला माता और बड़ी माता मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने पूजन सामग्री माता के चरणों में अर्पित कर माता के शृंगार की सामग्री भी चढ़ाई। जगह-जगह कन्या भोज व भंडारे आयोजित किए गए।
जिसमें कन्याओं व भक्तों ने प्रसाद चखा। घरों में बोए गए जवारे भी निकाले गए और फिर मंदिरों में चढ़ाए गए। सिर पर जवारे लिए महिलाओं के समूह अचरी गाते हुए मंदिरों में पहुंचे और जवारे विसर्जित किए। घरों में भी महिलाओं ने अष्टमी पूजन कर नारियल तोड़े।
पंडालों में भी अष्टमी की झांकी के लिए पंडालों मंदिरों में देवी प्रतिमाओं की भव्य झांकियां सजाईं गईं। कदौरा प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बा कदौरा के ज्वाला देवी मंदिर, जगदीश, काली देवी, टिकुरिया आदि मंदिरों में देवी मां की मूर्तियों का भव्य शृंगार किया गया। इसके अलावा बड़ी माता, बाल्मीकि, नाग बाबा मंदिरों में भी देवी मूर्तियों की भव्य झांकियां सजाईं गईं। गांव बबीना में भी प्रधान गौरव उपाध्याय ने भी सहयोगियों के साथ हलुआ, पूड़ी, शर्बत आदि का प्रसाद बांटा। इस दौरान नेता सिंह, दिनेश यादव, अनुज यादव आदि रहे।
-जगह-जगह कन्या भोज और भंडारों का किया गया आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो