अमर उजाला ब्यूरो
बेला (औरैया)। क्षेत्र के गांव शंकरपुर निवासी एक वृद्ध गुरुवार को गांव से लापता हो गया। रविवार की देर शाम पड़ोस के गांव बांधमऊ के बाहर खेतों में बने कुएं में वृद्ध का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला।
शंकरपुर निवासी गोरेलाल (65) गुरुवार की शाम गांव में घूमने निकले थे। मगर देर शाम तक नहीं आए। शुक्रवार को गोरेलाल के बेटे विनोद ने बेला थाने को सूचना दी और बताया कि उनके पिता की मानसिक हालत ठीक नहीं है और वह कहीं निकल गए। रविवार की देर शाम बांधमऊ के ग्रामीण जब खेतों की तरफ गए तो कुएं में एक शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर शव कुएं से बाहर निकाला। बुजुर्ग के तीन बेटे विनोद, संजीव व जयप्रकाश हैं। तीनों किसानी करते हैं। बेटों ने बताया कि मानसिक हालत ठीक न होने से अक्सर भटक जाते थे।
थानाध्यक्ष बलराज शाही ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। हालांकि परिजनों ने हत्या का आरोप नहीं लगाया है।