वाहन चेकिंग करते एसएसआई व ब्रहम नगर चौकी इंचार्ज
- फोटो : amar ujala beuro
होली के त्योहार के मद्देनजर शहर में ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 50 से अधिक दोपहिया वाहनों के चालान काटे गए, जबकि 8 वाहनों को सीज किया गया। हेलमेट न लगाकर चलने वालों पर भी कार्रवाई की गई। कई लोगों को हिदायत देकर भी छोड़ा गया।
एसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के निर्देश पर शुक्रवार को शहर के सुभाष चौराहे पर एसएसआई विष्णु कुमार गौतम व ब्रहमनगर चौकी इंचार्ज संगम भदौरिया के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। वाहन चेकिंग चलते देख बगैर कागजों के दोपहिया वाहन चलाने वालों में हड़कंप मच गया। चेकिंग के दौरान एसएसआई विष्णु कुमार गौतम ने करीब 50 वाहन चालकों के चालान काटे, जबकि कोई कागजात न होने पर 8 लोगों के वाहन सीज किए गए हैं।
होली के त्योहार के मद्देनजर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया है, जो लगातार 24 मार्च तक जारी रहेगा। एसएसआई ने बताया कि एसपी के निर्देश पर होली त्योहार में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए छह दिन तक लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की निगाह बगैर हेलमेट के बाइक चलाने वालों लोगों पर होगी। उन्होंने बताया कि सड़क हादसों की मुख्य बजह बाइक चलाते समय हेलमेट न लगाना है। उन्होंने कहा कि एक बाइक पर अगर कोई भी व्यक्ति तीन सवारियां बैठाकर चलता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान इंडियन आयल चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह, निझाई चौकी इंचार्ज शैलेंद्र सिंह, मनीष कुमार के अलावा अन्य पुलिस फोर्स मौजूद रहा।