बिजली अधिकारियों की अनदेखी के चलते कभी भी हादसा हो सकता है। हालात यह है कि बिजली के तार सड़क तक झूल रहे हैं। इसके साथ ही पोल से घर की दूरी अधिक होने के कारण उपभोक्ताओं को छतों के सहारे घरों तक केबिल गई है। इससे लोगों में खासा आक्रोश व्याप्त है। अमर उजाला ने शहर के मोहल्ला ब्रह्मनगर व ओमनगर की पड़ताल की तो यह बातें सामने आई।
बिजली अधिकारी हादसों को लेकर कितने गंभीर है यह मोहल्ला ओमनगर में देखने को मिला। बिजली कर्मियों ने हरेराम त्रिपाठी की गैर मौजूदगी में उनके घर के ऊपर से बिजली के हाईटेंशन तार खींच दिए। उन्होंने अपना काम कर दिया अब मकान मालिक तार हटवाने के लिए एक्सईएन कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर है।
ब्रह्मनगर मोहल्ले में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गोरखनाथ मिश्र की गली में तो एक ही खंभे से केबिल लटकती हुई निकली है। जिससे गली से निकलने वाले लोगों के सिर टकरा जाते हैं। मोहल्ले के पप्पू अवस्थी, गिरीश शुक्ला, सोनू अवस्थी, सत्येश त्रिपाठी आदि ने बताया कि समस्या को दूर कराने के लिए कई बार बिजली अधिकारियों से शिकायत की गई है। इसके बाद भी अनदेखी हो रही है। अगर कोई हादसा हो जाता है तो बिजली अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन होगा। बिजली विभाग की मनमानी के चलते उपभोक्ताओं ने डीएम से भी शिकायत की है।