बेला। बिहारीपुर नाला की सफाई न होने से गांव जरावन में बुधवार को हुई भारी बारिश के बाद खेतों में खड़ी करीब 50 बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई है। इससे किसानों के सामने फसल बचाने का संकट खड़ा हो गया है। इसके विरोध में किसानों ने आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने व नाला की सफाई न होने से बारिश का पानी खेतों में जमा हो रहा है। यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो धान की फसल पूरी तरह खराब हो सकती है। किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्ज और अपनी जमा-पूंजी लगाकर धान की खेती की थी, लेकिन अब लगातार जलभराव से महीनों की मेहनत पर पानी फिरता दिखाई दे रहा है।
किसानों ने आरोप लगाया कि बिहारीपुर से निकले नाले की लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है। यदि समय रहते नाले की सफाई हो जाती तो फसल जलमग्न होने से बच जाती। प्रभावित किसान संजीव सविता, प्रवीण कुमार, कृपाशंकर, राधेश्याम, वीरेंद्र कुमार, नरवीर, उदयनारायण, नरेश, पिंकू, दरोगा, इलाकेदार, जिलेदार, लल्ला, महेश, राजेंद्र, जोगेंद्र, इंद्रपाल, धीरज, बदन और सत्यम ने जल्द से जल्द जलनिकासी कराए जाने की मांग की है। (संवाद)