जमीन धंसने से रुका मौरंग लदा ट्रक।
- फोटो : AURAIYA
कंचौसी (औरैया)। कालपी से मौरंग लादकर जा रहा ट्रक सोमवार सुबह करीब सात बजे कंचौसी बान रोड पर धंस गया। इस कारण पांच किमी लंबा जाम लग गया। दोपहर दो बजे तक लोग जाम में फंसकर बेहाल हो गए। ट्रक हटने के बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली।
सोमवार सुबह कालपी से मौरंग लादकर आ रहा ट्रक कंचौसी होकर जा रहा था। रास्ते में झींझक कंचौसी रोड पर बान गांव के पास जर्जर सड़क पर ओवरलोड ट्रक धंस गया। बीच रोड ट्रक धंसने से पीछे से आ रहे वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। डंपरों और ट्रकों की लाइन लगने से करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
इसके कारण फर्रुखाबाद, कन्नौज, बिल्हौर, बिधूना की तरफ जा रहे लोग परेशान रहे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ट्रक को निकालने के लिए जेसीबी मंगाई गई। मौरंग उतारने के बाद ट्रक को हटाया गया। इसमें करीब सात घंटे लग गए। दोपहर दो बजे के बाद आवागमन सुचारु हो सका।