कंचौसी (औरैया)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना का लाभ जल्द से जल्द किसानों को पहुंचाने की कवायद में जुटे जिला प्रशासन के सामने अब कमियां आने लगी है। गलत फीडिंग के चलते काम बाधित हो रहा है। अब राजस्व कर्मी उसमें सुधार में जुटे हैं।
बिधूना तहसील के नौगवां, ढिकियापुर, सूखमपुर मुड़रिया, कनमऊ आदि गांवों के दो सौ से अधिक किसानों की कंप्यूटर से की गई जांच सूची में भूमि संख्या खतौनी की जगह खसरा का नाम व पहले से कृषि विभाग द्वारा बनाई गई सूची में सूखमपुर गांव के लगभग चौबीस किसानों के बैंक खाते सेंट्रल बैक कंचौसी की जगह इलाहाबाद बैंक औरैया शाखा आईएफ एससी सहित अंकित कर दिए गए हैं।
जबकि किसानों ने सभी जरूरी कागजात की फोटो कॉपी संलग्न की हैं। इस गलत फीडिंग से खातों के मिलान सही न होने से खातों में रुपये नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस गलती को सुधारने के लिए राजस्व कर्मियों ने सूची वापस कर फिर से घर-घर जांच शुरू की है। नौंगवा, लछियामऊ, मधवापुर, मुड़रिया के लेखपाल पवन कुमार, चंद्र प्रकाश, विमलेश कुमार आदि शनिवार को सुबह से गलतियां सुधारने में जुटे रहे। लेखपालों का कहना है कि शनिवार को बैंक बंद होने से खातों में रकम नहीं भेजी गई है। रविवार को वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बैंक प्रबंधकों को शाखा खोल कर किसानों को राशि भेजने को कहा गया है।
-कंचौसी क्षेत्र के नौगवां, ढिकियापुर, सूखमपुर आदि के किसान प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो