अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कार्यमुक्त चल रहे औरैया के ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ डीपीआरओ ने गुरुवार को निलंबन की कार्रवाई की है। उन पर कार्यमुक्त होने के बावजूद ग्राम पंचायतों के खातों से धनराशि आहरण करने का आरोप है।
जिला पंचायती राज अधिकारी केके अवस्थी ने बताया कि रवि महली ग्राम पंचायत अधिकारी के रूप में औरैया में तैनात हैं। विकासखंड अधिकारी को बिना सूचना दिए पिछले कई दिनों से वे अनुपस्थित थे। इसके लिए उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया था। बावजूद इसके ग्राम पंचायत अधिकारी रवि महली ने ग्राम पंचायतों के खातों से धनराशि का आहरण किया है। इसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच एरवाकटरा के सहायक विकास अधिकारी अविलाश बाबू को सौंपी है। उन्हें एक माह के अंदर आरोप पत्र अनुमोदित कराने और तीन माह के अंदर जांच आख्या देने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जांच आख्या आने तक ग्राम पंचायत अधिकारी को विकासखंड सहार में संबंद्ध किया गया है। उन्होंने बताया कि अगर जांच आख्या में गबन का मामला स्पष्ट हुआ तो संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- कार्यमुक्त होने के बावजूद खातों से धनराशि आहरण करने का आरोप