औरैया। कक्षा छह से 12वीं तक नि:शुल्क आवासीय शिक्षा के लिए रविवार को तिलक इंटर कॉलेज में प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। दो पालियों में हुई इस विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा में पंजीकृत 683 बच्चों के सापेक्ष 341 ने परीक्षा दी। 342 बच्चे अनुपस्थित रहे। सुबह से ही परीक्षा केंद्र के बाहर बच्चों व उनके परिजनों का जमावड़ा देखने को मिला।
विभाग की ओर से परीक्षा केंद्र पर एक दिन पहले ही तैयारी पूरी कर ली गई थी। सुबह 10:30 से 12:30 बजे तक पहली पाली में बालिकाओं ने परीक्षा दी। इसमें 415 बालिकाओं का पंजीकरण था, जिसके सापेक्ष महज 200 बालिकाएं उपस्थित रहीं। वहीं 215 बालिकाओं ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली 2:30 से 4:30 बजे तक चली। इसके लिए 268 बालक पंजीकृत थे, जिसके सापेक्ष 141 बच्चों ने परीक्षा दी। 127 बालक अनुपस्थित रहे। बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि दो पालियों में विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा संपन्न कराई गई है। कुल पंजीकृत 683 छात्र-छात्राओं में 341 ने परीक्षा दी है। जबकि 342 अनुपस्थित रहे हैं। चयनित बच्चों को नि:शुल्क आवासीय विद्यालय में दाखिला दिलाया जाएगा।