दिबियापुर (औरैया)। कानपुर के समीप पूर्वा एक्सप्रेस के अप लाइन में दुर्घटना ग्रस्त हो जाने के बाद शनिवार को फफूंद रेलवे स्टेशन पर भी मुख्य तीन ट्रेनों का रूट डायवर्जन किया गया। साथ ही कई ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री तो ट्रेन छोड़कर अन्य वाहनों से गए। इधर हर शनिवार की तरह शिकोहाबाद से कानपुर जाने वाली अप व डाउन पैसेंजर निरस्त रही। इस मामले को लेकर स्टेशन मास्टर व आरक्षण केंद्र पर यात्रियों की नोकझोंक होती रही। उधर डाउन लाइन पर महाबोधि एक्सप्रेस आधा घंटा व नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस कई घंटे खड़ी रहीं।
शनिवार को दिल्ली जाने वाली तूफान, महानंदा, मुरी एक्सप्रेस का रूट बदल दिया गया। दिल्ली जाने के लिए सिर्फ अप गोमती एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 44 मिनट लेट आई। रात वाली अप संगम एक्सप्रेस सात घंटे लेट होकर दिन में पौने 10 बजे आई। कानपुर जाने वाली अधिकांश ट्रेनें स्टेशनों पर रोककर धीमी गति से निकाली गईं। अप लाइन पर गाड़ियां न चलने से यात्री दिक्कत में रहे। स्टेशन अधीक्षक अर्जुन लाल ने बताया कि डाउन लाइन सही है। सि पर रुक-रुककर ट्रेनें जा रही हैं। अप लाइन देर शाम तक सही होगी। स्टेशन पर हंगामे के चलते आरपीएफ व जीआरपी प्लेटफार्म पर मुस्तैद रही।