अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर। नगर पंचायत दिबियापुर में बने तालाबों एवं खाली पड़ी जमीनों के सौंदर्यीकरण के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद पोरवाल व ईओ अजय कुमार सभासदों के साथ नगर में घूमे। रेलवे लाइन के पास शास्त्रीनगर में बने तालाब में बरसात से होने वाले जलभराव के निदान पर भी वार्ड वासियों से चर्चा हुई।
सोमवार दोपहर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद पोरवाल, अधिशासी अधिकारी अजय कुमार, वरिष्ठ लिपिक नरेंद्र सिंह, सभासद रानी देवी, रवि प्रकाश, प्रमोद बघेल सबसे पहले शास्त्रीनगर पहुंचे। यहां पर रेलवे लाइन के पास बने तालाब में बरसात से होने वाले जलभराव की समस्या से निदान पर चर्चा हुई। ईओ अजय कुमार ने बताया कि बरसात से पहले तालाब की गंदगी साफ कराई जाएगी। इसके बाद तालाब सौंदर्यीकरण के लिए प्रयास किया जाएगा।
शास्त्रीनगर एवं शांतिनगर वार्डों की जलनिकासी के लिए डीडीएफसीसीआईएल द्वारा रेलवे लाइन के किनारे बनवाए जा रहे नाले का भी चेयरमैन एवं ईओ ने सभासदों के साथ निरीक्षण किया। चेयरमैन अरविंद पोरवाल ने नाला निर्माण की धीमी गति पर चिंता जताते हुए कहा कि जल्द ही इसके लिए फ्रेट कारीडोर के अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से बात की जाएगी। लोहियानगर के वार्ड सभासद प्रमोद बघेल ने वार्ड में पंचायत की खाली पड़ी जमीन को दिखाते हुए इसमें पार्क बनवाए जाने की मांग की। इस दौरान अध्यक्ष अरविंद पोरवाल, ईओ अजय कुमार ने लोगों से मिलकर उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं। वार्ड वासियों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। अध्यक्ष अरविंद पोरवाल ने जल्द समस्याएं दूर करने का आश्वासन दिया।