संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। पर्यटन विभाग की ओर से राज्य सेक्टर में जनपद के तीन विधानसभा क्षेत्रों के लिए 2.78 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस धनराशि से विभिन्न धार्मिक स्थलों का पर्यटन विकास किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र के तहत हनुमान मंदिर सेहुद धाम के लिए 1.05 करोड़, बिधूना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दुर्वासा आश्रम के पर्यटन विकास के लिए एक करोड़ रुपये व इसी विधानसभा के तहत कुल देवता गंगा बाबा नवी मोहन के पर्यटन विकास के लिए 73 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इन कार्यों के लिए यूपीएसटीडीसी को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। इसका उद्देश्य प्राचीन धार्मिक स्थलों का पुनरुद्धार व सौंदर्यीकरण करते हुए श्रद्धालुओं को आकर्षित करना है। पर्यटन विभाग की इस पहल से ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित किया जाएगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। जिला पर्यटन अधिकारी मोहित सिंह ने बताया कि पर्यटन मंत्री ने इन प्रस्तावों पर मंजूरी दे दी है।