दिबियापुर (औरैया)। प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. धनीराम वर्मा की पत्नी ने अपने पुत्र, बहू व पौत्र के खिलाफ धोखाधड़ी से 26 लाख रुपये बैंक से निकालने आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
दिबियापुर थाना क्षेत्र के पुरवा सुजान निवासी पूर्व विधानसभा अध्यक्ष की पत्नी राम देवी वर्मा ने आरोप लगाया कि पुत्र उमेश वर्मा, पुत्रवधू स्नेहलता वर्मा एवं पौत्र सुमित वर्मा ने कुछ महीनों पूर्व बताया कि पेंशन के रुपये बैंक से नहीं निकाले तो सरकार वापस ले लेगी। इसलिए पैसे दूसरे बैंक खाते (सहकारी बैंक दिबियापुर) में जमा करा देंगे।
बताया कि उनका पेंशन खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बिधूना शाखा में था और उसमें 26 लाख रुपये थे। आरोप लगाया कि तीनों ने बैंक खाते से 26 लाख रुपये निकाल लिए। इस बीच वह बीमार हो गईं और इलाज के लिए बेटी के पास लखनऊ चली गईं। वहां से पिछले दिनों लौटकर गांव आईं। इलाज के लिए रुपयों की जरूरत होने पर जब वह दिबियापुर स्थित सहकारी बैंक गईं तो पता चला कि बैंक में उनका खाता ही नहीं खुलवाया गया है। ठगी का अहसास होने पर जब तीनों से रुपये मांगे तो उन्होंने आनाकानी की।
दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता राम देवी वर्मा के दूसरे बेटे रमेश वर्मा के पुत्र सोमेश्वर ने बताया कि उनके बाबा राजनीति से पहले भगवान दास इंटर कॉलेज, हरचंदपुर में प्रधानाचार्य थे। उसी की पेंशन का पैसा दादी के खाते में आता है। बता दें कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष की एक पुत्र वधू रेखा वर्मा वर्तमान में बिधूना विधानसभा से सपा की विधायक हैं।
पुत्रवधू स्नेहलता ने बताया कि बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा है। अन्य परिजनों के बहकावे में आकर सास ने मनगढ़ंत आरोप लगाएं हैं। पति गंभीर रूप से बीमार चल रहे हैं। हम लोग परिवार से अलग रहते हैं। पुलिस जांच में पूरी सत्यता सामने आ जाएगी।