औरैया। भतीजे के खाते में रुपये जमा करने बैंक गई महिला से दो ठगों ने धोखाधड़ी कर 24 हजार रुपये हड़प लिए। खाते में रुपये न पहुंचने पर जब उसने जांच कराई तो एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरा देख उसे धोखाधड़ी का पता चला।
पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शहर की आवास विकास कॉलोनी निवासी सुजीत कुमार वर्मा ने शनिवार को पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि 10 जून को उनकी पत्नी मीना घर में काम करने वाली युवती के साथ दोपहर 11:20 बजे पीएनबी बैंक शाखा गई थीं।
वहां भतीजे अंबरीश के खाते में 24 हजार रुपये जमा करने गई थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति मिला और एटीएम से रुपये जमा कराने के बहाने एटीएम के अंदर ले गया। उसने पत्नी से रुपये मशीन के स्लॉट पर रखवाए। जैसे ही रुपये मशीन में गए, उसने पत्नी से रुपये जमा होने की बात कही और उन्हें बाहर कर दिया।
इसी दौरान आरोपी ने कैंसिल का बटन दबा दिया और रुपये निकालकर रख लिए। उसका दूसरा साथी भी एटीएम के अंदर चला गया। बताया कि पूरी घटना एटीएम में लगे कैमरे में दर्ज है। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्तियों पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।