अमर उजाला ब्यूरो
अजीतमल। तहसील अजीतमल की राजस्व टीम एंटी भू माफि या के तहत तहसील क्षेत्र के एक गांव में कब्जा हटवाने गई जहां पर कब्जाधारियों ने राजस्व टीम के साथ गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। नाप-जोख करने से रोकते हुए जरीब आदि भी फेंक दी। लेखपाल ने कोतवाली में छह से अधिक लोगों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है ।
चकसत्तापुर गांव में लेखपाल अमित कुमार, लेखपाल जसवन्त सिंहह, राजस्व निरीक्षक पुष्पेंद्र यादव, प्रवीन श्रीवास्तव, नितेष कुमार तथा अटसू चौकी के उपनिरीक्षक भागीरथ दो हमराहियों के साथ कब्जा हटाने पहुंचे। सीमांकन का काम जैसे ही शुरू किया तभी गांव के ही निवासी हाकिम सिंह, कुंवरपाल उर्फ सेठ, दीपू, शिवपाल सिंह आए और धक्का मुक्की करने लगे तथा राजस्व टीम व पुलिस बल से अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। कानूनगो एवं दरोगा ने काफी समझाने का प्रयास किया और बताया कि यह सरकारी काम है आप लोग परेशान न हों सब सही काम ही होगा। आप लोग सहयोग करें, सरकारी कार्य में बाधा न डालें। जैसे ही उक्त टीम द्वारा नाम फि र से नाप-जोख शुरू की गई तो उक्त लोग दोबारा गालीगलौज करने लगे तथा जरीब उठाकर फेंक दी। जान से मारने की धमकी देते रहे। ग्राम प्रधान पति विजय सिंह से भी हाथापाई की। टीम ने बताया कि उक्त लोग द्वारा चकरोड पर ट्यूबवेल की कुंडी बना रखी है। रास्ते पर खंभे चढ़ कर तार बांध रखे थे। जिन्हें पूर्ण रूप से कब्जा मुक्त नहीं करने दिया गया। लेखपाल अमित कुमार ने उक्त लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा जान से मारने की धमकी देने की कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- कब्जा हटाने गई राजस्व टीम के साथ अभद्रता, जरीब फेंकी
- लेखपाल ने छह से अधिक पर दर्ज कराया मुकदमा