अजीतमल। नगर में लापरवाही के चलते लोगों को अभी तक पाइप लाइन से पानी नहीं मिल पा रहा है। जल निगम ने पुरानी पाइप लाइन बंद कर दी। ऐसे में नई लाइन में लीकेज के चलते मोहल्ला शास्त्री नगर व लक्ष्मीनगर के 200 परिवार पांच दिन से पानी के लिए परेशान है।
मोहल्ले के निवासी हरगोविंद ने बताया कि पानी की समस्या से वह लोग बुरी तरह जूझ रहे हैं। पूरे दिन पानी की किल्लत रहती है। हैंडपंप अब न होने से दूर दराज से पानी लाना पड़ रहा है। उमेश सविता का कहना है कि पुरानी लाइनों में पानी आ रहा था, उसे भी बंद कर दिया गया है। इससे नई लाइन में शाम को कुछ ही समय पानी आपूर्ति होती है। इस दौरान लीकेज के कारण पानी न भर पाने पर पूरे दिन समस्या से जूझना पड़ता है।
संजीव कुमार ने बताया कि जल निगम द्वारा पाइप को दरवाजे पर लगा कर छोड़ दिया गया है। कभी- कभी पानी आता है। इसको फिट कराने के लिए एक हजार से डेढ़ हजार रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। जल निगम इटावा के जेई पवीर सिंह ने बताया कि नई लाइनों में पानी की सप्लाई छोड़ी जा रही है। कहीं-कहीं लीकेज की समस्या आ रही है। जहां पानी नहीं पहुंच रहा है वहां पर ठेकेदार को बोलकर पानी की सप्लाई की जाएगी।