मुरादगंज (औरैया)। नेशनल हाईवे पर रविवार देर शाम ट्रैक्टर से कटहल उतार रहे सब्जी व्यापारी और ट्रैक्टर चालक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने रौैंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
रविवार देर शाम अजीतमल थाना क्षेत्र के दलेलनगर निवासी मुहम्मद जमील (65), जलूपुर निवासी ट्रैक्टर चालक गुड्डू यादव (38) के साथ ट्रैक्टर से कटहल लेकर हाईवे गए थे। यहां से उन्हें बाजार में कटहल भेजना था। जमील और गुड्डू दोनों कटहल उतरवाने के लिए मुरादगंज हाईवे पर ट्रैक्टर ट्राली से सटे खड़े थे। इसी बीच कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में जमील और गुड्डू बुरी तरह घायल हो गए। दोनों को अजीतमल स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जमील को इटावा व गुड्ड़ू को कानपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान दोनों ने देर रात दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिजनों का बुरा हाल है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
आगरा और मुरैना भेजता था सब्जी
जमील की मौत के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है। जमील काफी लंबे समय से सब्जी का कारोबार कर रहा था। आसपास के किसानों से थोक में सब्जी खरीदने के बाद वह आगरा और मध्य प्रदेश के मुरैना सब्जियां भेजता था। रविवार को भी जमील सब्जी भेजने के लिए हाईवे पर पहुंच कर वाहन का इंतजार कर रहा था। वहीं ट्रैक्टर चालक गुड्डू कई बार जमील के साथ सब्जी लेकर गांव और हाईवे जाता था। अक्सर वह सब्जी खाली होने तक इधर उधर बैठ कर इंतजार करता था। रविवार रात वह सब्जी उतरवा रहे जमील के पास जाकर खड़ा हो गया और हादसे में उसकी जान चली गई।