औरैया। कोरोना संक्रमण से बुधवार को दो लोगों की मौत हो गई। 71 नए केस मिले हैं। 132 संक्रमितों ने कोरोना से जंग जीती है। केस कम होने पर विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को दो मौतें होने से अब मृतकों की संख्या 134 हो गई है। कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 9422 है। जिले में अब तक 7859 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केस 1430 रह गए हैं। जिले में 1441 संक्रमित होम आइसोलेट हैं। गंभीर संक्रमित 25 मरीज चिचौली स्थित कोविड केयर सेंटर एल-टू में भर्ती हैं। जिले के बाहर के 14 अस्पतालों में 27 गंभीर संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है। लखनऊ लैब से 1067 आरटीपीसीआर सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। हॉटस्पॉट 248 हैं। सीएमओ ने बताया कि नए केसों की संख्या में गिरावट देखने को मिल रही है। जिससे संक्रमण के नियंत्रण की उम्मीद है।
बैंक मैनेजर का कोरोना से निधन
ककोर (औरैया)। भारतीय स्टेट बैंक जिला मुख्यालय की शाखा ककोर बुजुर्ग में तैनात वैभव कुमार की कोरोना से मौत हो गई। वैभव कुमार मूल रूप से गोरखपुर निवासी थे। 28 अप्रैल को बुखार आने पर गोरखपुर चले गए थे। वहां निधन हो गया। उनके निधन पर जिला मुख्यालय के स्टाफ के साथ ही बैंक के कर्मचारी पप्पू पोरवाल, पवन गौतम, आदित्य, शीलू प्रताप सिंह, अजय सिंह ने शोक व्यक्त किया है।(संवाद)