फफूंद (औरैया)। नगर पंचायत फफूंद के अधिशाषी अधिकारी ने गुरुवार को कस्बे के कई मोहल्लों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को देखा और मोहल्ले के लोगों की समस्याओं को सुना। इसके बाद उन्होंने तालाब के पास स्थित गोशाला का भी निरीक्षण किया। वहां मवेशियों के लिए चारे पानी की व्यवस्था लेकर कर्मियों को दिशा निर्देश दिए।
गुरुवार को सुबह नगर पंचायत के ईओ रमेश कुमार गुप्ता ने कस्बे के मुख्य बाजार चमनगंज, होमगंज, गल्ला मंडी की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। बाद में वह वार्ड नम्बर 2/3 एवं 4 का निरीक्षण करने पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने इन सभी वार्डों में बने शौचालयों व सुलभ शौचालयों का निरीक्षण किया। अधूरे शौचालयों को जल्द ही पूरा करवाने के मातहतों को निर्देश दिए।
साथ ही वार्ड के आधा दर्जन मोहल्लों में जाकर सफाई व्यवस्था को देखा। वहां मौजूद संबंधित सफाई कर्मचारियों को समय से सफाई व्यवस्था करने को लेकर कड़े निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने वार्डों की बन रही इंटरलॉकिंग सड़कों की गुणवत्ता को भी परख कर मानक के अनुसार कार्य कराने की बात ठेकेदारों से कही। बाद में ईओ नगर के बाहर सिंचाई विभाग की कोठी में बनी आस्थायी गोवंश आश्रय स्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों से गोवंशों की संख्या की जानकारी करने के बाद गोशाला में मौजूद पशुओं को समय से चारा पानी दिए जाने के साथ ही गोशाला में सफाई रखने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत कर्मियों को निर्देश दिए कि कोई कर्मचारी नगर पंचायत कार्यालय में धूम्रपान करके नहीं आएगा। अगर कोई कर्मी कार्यालय में धूम्रपान करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान लिपिक रिजवान, मुनव्वर , अवनीश, महेश शुक्ला सहित सभी नगर पंचायत कर्मी मौजूद रहे।
-कई वार्डों में देखी सफाई व्यवस्था, गोशाला का भी निरीक्षण किया
अमर उजाला ब्यूरो