औरैया। मुख्यमंत्री 19 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 75 जिलों के सामुदायिक शौचालयों का लखनऊ से लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। प्रशासन की तमाम कवायद के बावजूद सामुदायिक शौचालयों की प्रगति अपेक्षित नहीं है। 477 ग्राम पंचायतों में 55 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण पूरा हुआ है। जबकि, 250 पर निर्माण चल रहा है। बाकी 172 जगह संबंधी विवाद के चलते लटके पड़े हैं। अपर सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में अधिकारियों को सामुदायिक शौचालयों के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिले में शौचालयों के प्रगति की जानकारी ली। अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि सामुदायिक शौचालयों के निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री गंभीर हैं। इनकी प्रगति में किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। अधिकारियों ने बताया गया कि जिले की 477 ग्राम पंचायतों में 55 सामुदायिक शौचालयों के निर्माण पूरा कराया जा चुका है। करीब 250 पर काम चल रहा है। शेष 172 ग्राम पंचायतों में जगह के विवाद के चलते काम रुका पड़ा है। इस मौके पर डीपीआरओ अष्ट कुमार त्रिपाठी, एडीपीआरओ राजेश कुमार चौरसिया समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम अभिषेक सिंह ने अजीतमल, औरैया व बिधूना एसडीएम को दो दिन में लेखपालों को भेजकर संबंधित ग्राम पंचायतों में सामुदायिक भवनों के लिए जगह चिह्नित करवाने के निर्देश दिए हैं। इस बारे में डीपीआरओ अष्ट कुमार त्रिपाठी का कहना है करीब 172 ग्राम पंचायतों में जगह विवाद संबंधी समस्या के चलते काम रुका पड़ा है। तीनों तहसीलों के एसडीएम को सूची उपलब्ध करा दी गई है।