कोंच। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दिए गए आवेदनों की जांच में हीलाहवाली के विरोध पर शुक्रवार को गुलाबी गिरोह की महिलाओं ने प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सुरेश सोनी को देकर आवेदन कर्ताओं को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराने की बात कही। इसके बाद गिरोह की महिलाएं पालिका चेयरपर्सन डॉ. सरिता वर्मा से भी मिलीं और डूडा को स्मृति पत्र भेजने की बात कही।
बता दें कि साल भर पहले पालिका की ओर से शिविर लगा कर ऐसे गरीबों के आवेदन मांगे गए थे। उन आवेदनों को योजना संचालित करने वाली संस्था को हस्तांतरित कर दिया गया था। इसके बाद से ही जांच के नाम पर दर्जनों आवेदन अभी भी लटके हुए हैं।
इस पर गुलाबी गिरोह की कमांडर अंजू शर्मा की अगुवाई में शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में गिरोह की महिला सदस्य सड़कों पर हॉकी डंडे लेकर निकल पड़ीं और अपनी आवाज बुलंद कर आवास शीघ्र दिए जाने की मांग की। कहना है कि आवेदन कर्ताओं को जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराए जाएं।
इस दौरान आसिया, सुशीला, विद्या, रश्मि, गुड्डी, गंगादेवी, ऊषा, कस्तूरी, मीना, पानकुंवर, पचो, राजाबेटी, मुन्नी, लक्ष्मी, राजेश्वरी, गायत्री आदि मौजूद रहीं।
गुलाबी गिरोह ने जांच के नाम पर हीलाहवाली का आरोप लगाया
अमर उजाला ब्यूरो