उरई। जिले में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 439 पोलिंग पार्टियों को जीआईसी से रवाना किया गया। मतपेटियों के साथ साथ पोलिंग पार्टियों को बैलट पेपर, सील, मोहर आदि सामग्री भी दी गई। वही इस दौरान ड्यूटी कटवाने के लिए भी कर्मचारी अपनी जुगाड़ भिड़ाते नजर आए।
बताते चलें जिले में प्रथम चरण 22 नवंबर दिन बुधवार कों चार नगर पालिकाओं व छह नगर पंचायतों में मतदान है। मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए प्रशासन ने मंगलवार को जीआईसी इंटर कालेज से 439 पोलिंग पार्टियों को चुनावी सामग्री के साथ रवाना किया।
एसडीएम अक्षय त्रिपाठी के निर्देशन में पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। प्रत्येक पोलिंग पार्टियों में पुलिस के जवानों के साथ साथ चार-चार कर्मचारी लगाए गए, जो चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराएगें। सुबह सात बजे ही कर्मचारियों की भीड़ जीआईसी इंटर कालेज के ग्राउंड में पहुंच गई।
जहां पर अधिकारियों ने कर्मचारियों को बेलेट पेपर, मतदान पेटी, वोटर लिस्ट, पहचान संबंधी पत्र, सील व मोहर आदि कागजों को वितरित कराया। इसके बाद वाहनों के माध्यम से पोलिंग पर्टियों को सभी नगर पंचायत व पालिकाओं के लिए रवाना किया गया।
सभी पार्टियों को निर्देश दिए गए कि रात को सभी कर्मचारी पोलिंग स्टेशन पर ही रूके, अन्यथा की स्थिति में कर्मचारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वही इस दौरान कई कर्मचारी किसी न किसी बहाने से अपनी चुनाव डियूटी कटवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाते नजर आए। वही डियूटी कटवाने के लिए कई अधिकरियों को फोन पर भी सिफारिशों का दौर चलता रहा।
नहीं हटाना पड़ेगा घूंघट या नकाब
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन विभाग ने इस बार सभी पोलिंग पार्टियों को निर्देश दिए है कि वह जब तक किसी भी महिला चाहे व हिंदू धर्म से हो या फिर मुस्लिम धर्म से, उसे घूंघट व बुर्का हटाने की जब तक जरूरत नहीं है जब तक उस पर किसी तरह का फर्जी मतदान का आरोप न लगें।
कलक्ट्रेट में बना कंट्रोल रूम
मतदान को लेकर किसी प्रकार की शिकायत य सुझाव के लिए जिलाधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिनमें चुनाव से संबंधी जानकारियों के साथ किसी भी मतदान संबंधी समस्या का समाधान किया जाएगा साथ जारी नंबरों पर 05162- 259999 व 05162-256666 चुनाव की सूचना भी दी जा सकेगी।
आचार संहिता के उल्लंघन पर दो वर्ष की हो सकती है सजा
जिला निर्वाचन अधिकारी मन्नान अख्तर ने सभी मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए है कि मतदान के दिन किसी भी प्रत्याशी ने आचार संहिता का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिसमें दो वर्ष के कारावास से लेकर जुर्माने तक का प्रवधान है। वही इस दौरान किसी भी प्रकार का नाट्य, संगीत, व अन्य मनोरंजन के माध्यम से चुनाव को प्रभावित करना, सभा व जुलूस आयोजित कराने पर कार्रवाई की जाएगी।
बंद रहेंगे सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय
उरई। जिलानिर्वाचन अधिकारी मन्नान अख्तर ने मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए जिले की सभी दसों नगर पालिका व पंचायतों में बुधवार को सर्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दौरान सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
- 439 पोलिंग पार्टियों को सौंपी गई मतदान की जिम्मेदारी
- 10 प्रतिशत पोलिंग पार्टियों को रखा गया रिर्जव में
अमर उजाला ब्यूरो