औरैया। कोतवाली क्षेत्र में बिधूना-बेला मार्ग पर दो बाइकों की दिवाली के दिन हुई आमने-सामने भिड़ंत में गंभीर घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को इलाज के लिए कानपुर से आगरा ले जाते समय घायल युवक ने शनिवार को रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार दोपहर को मृतक का शव मिलने के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
बेला थाना क्षेत्र के ग्राम कैथावा निवासी सतेंद्र पुत्र जगदीश अपने पिता के साथ दिवाली के दिन बाइक से अपने घर जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक बिधूना-बेला मार्ग पर पहुंची तभी सामने से बाइक से अपने साथी चौहान पुत्र घनश्याम व भोले के साथ आ रहे गांव निवासी अखिलेश से भिड़ंत हो गई। बाइक चालक अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि उसका साथी चौहान पुत्र घनश्याम गंभीर रूप से घायल हो गया था। भोले को मामूली चोट लगी थी।
घटना में गंभीर घायल हुए सतेंद्र को सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद चिंताजनक हालत में कानपुर रेफर कर दिया था। कानपुर में घायल सतेंद्र को इलाज से आराम न मिलने पर परिजन शनिवार 17 नवंबर को उसे लेकर कानपुर से आगरा ले जा रहे थे। तभी रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। जानकारी पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को दोपहर को शव मिलने के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
नौ माह पहले हुई थी शादी
ग्राम कैथावा निवासी युवक सतेंद्र की शादी फरवरी माह में हुई थी। शादी हुए अभी नौ माह ही हुए थे कि एक दुर्घटना में उसकी जीवन लीला समाप्त हो गई। उधर युवक की मौत से जहां परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं मृतक की पत्नी सदमे में है।