उरई (जालौन)। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि कैराना लोकसभा और नूरपुर विधानसभा के उप चुनाव मेें भाजपा की हार के कुछ स्थानीय कारण भी हो सकते हैं। इसकी पार्टी स्तर पर समीक्षा की जाएगी। रही बात आने वाले लोकसभा चुनाव की तो उसमें यह बेमेल गठबंधन काम नहीं करेगा। राज्यमंत्री इटावा से लौटते समय एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में चल रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शिक्षा वर्ग के प्रशिक्षण शिविर में शिरकत करने आई थीं।
उन्होंने कहा कि 2014 के बाद हुए लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों के तो प्रदेश के प्रदेश साफ हो रहे हैं। झांसी रोड स्थित एल्ड्रिच स्कूल में चल रहे आरएसएस के शिक्षा वर्ग के बाहर पत्रकारों से वार्ता करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि कई प्रदेशों में कांग्रेस व कम्युनिस्ट पार्टी को जनता ने नकार दिया है। किसी तरह कर्नाटक में इस बेमेल गठबंधन ने सरकार बना ली। विपक्षियों के इस गठबंधन की कोई विचारधारा नहीं है।
इसका एकमात्र लक्ष्य किसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रोकना है। कहा कि कल तक एक दूसरे को भला-बुरा कहने वाले तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस, आप, सपा, बसपा समेत पूरा विपक्ष आज एक हो गया है। इससे एक बात तो साफ है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ईमानदारी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नूरपुर और कैराना में हुई हार की पार्टी समीक्षा कर रही है।
चूंकि उपचुनाव में लोकल फैक्टर भी काम करते हैं, पर लेकिन आम चुनाव में जनता राष्ट्रीय मुद्दों को देखती है। इसलिए लोकसभा में फिर भाजपा का ही परचम लहराएगा। राज्यमंत्री ने किसानों की नाराजगी के सवाल को नकारते हुए कहा कि पिछली सरकारों की तुलना में भाजपा ने किसानों को लिए बहुत कुछ किया है। इसमें कर्जमाफी, खाद बीज की किल्लत दूर, नीमकोटिड यूरिया का वितरण सुनिश्चित किया।
अन्य स्थानीय समस्याएं हैं, उन्हें भी दूर किया जा रहा है। इसके पूर्व उन्होंने संघ पदाधिकारियों के साथ चर्चा भी की। इस दौरान बांदा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, चित्रकूट सदर विधायक सीपी उपाध्याय, बांदा भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रपाल पटेल, कानपुर जिलाध्यक्ष अध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी, भाजपा नेत्री मंजू रानी, अनीता वर्मा, अनीता सोलंकी, आरपी रामसखा, रामप्रकाश वर्मा, दिलीप दुबे, सह प्रांत प्रचारक श्रीराम जी, सर्व व्यवस्था प्रमुख रामबहादुर जी, जिला प्रचारक पीयूष जी, अजय इटौदिया, संजीव उपाध्याय आदि मौजूद थे।
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति बोलीं, सूबे की जनता ने कांग्रेस को नकारा
कैराना, नूरपुर हार के हो सकते स्थानीय कारण, होगी समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो