अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में नकल विहीन कराने को लेकर की गई सख्ती से परीक्षार्थियों के हौसले पस्त दिख रहे हैं। मंगवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल के 9000 से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि इंटरमीडिएट के 89 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में हो रही हैं।
मंगलवार को सुबह की पाली में हुई हाईस्कूल गणित प्रश्न पत्र की परीक्षा में पंजीकृत 29 हजार 625 परीक्षार्थियों में 20 हजार 653 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं 8 हजार 972 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि हाईस्कूल की प्रारंभिक गणित प्रश्न पत्र में पंजीकृत 201 परीक्षार्थियों में 33 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि 168 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। उधर, सुबह की पाली में इंटरमीडिएट के विज्ञान द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा में पंजीकृत 551 परीक्षार्थियों में 476 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जबकि 75 अनुपस्थित रहे। वहीं, कृषि वनस्पति विज्ञान द्वितीय में पंजीकृत 350 में 336 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। जबकि 14 अनुपस्थित रहे। उधर, शाम की पाली में इंटर में कृषि अर्थशास्त्र सप्तम प्रश्न पत्र की आठ केंद्रों पर हुई परीक्षा में 216 पंजीकृत परीक्षार्थियों में 210 उपस्थित रहे और 6 अनुपस्थित रहे। डीआईओएस चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं को सीसीटीवी कैमरों की निगहबानी में कराए जाने से परीक्षार्थियों में भय व्याप्त है। इसके कारण इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा छोड़ते दिख रहे हैं।
लिपिक को बनाया कक्ष निरीक्षक
अजीतमल। अजीतमल क्षेत्र के बीहड़ी ग्राम बड़ेरा स्थित श्री नारायण इंटर कॉलेज में सुबह की पाली में हाईस्कूल गणित प्रश्न पत्र परीक्षा के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने पहुंचकर चेकिंग की। इस दौरान उन्होेंने प्रत्येक कमरे में चल रहे कैमरों की जांच कार्यालय में लगी टीवी स्क्रीन देखकर की। विद्यालय प्रधानाचार्य बृजेश दीक्षित ने बताया कि उनके केंद्र पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से चल रही हैं। बताया कि कक्ष निरीक्षकों की गंभीर समस्या है। जिसके चलते लिपिक से ड्यूटी कराई जा रही है।
- हाईस्कूल में 9000 तो इंटर में 89 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
- मंगलवार को सुबह गणित और विज्ञान द्वितीय का पेपर हुआ