अमर उजाला ब्यूरो
औरैया।
आज फसल कर्ज माफी योजना के तहत तीसरे चरण में शामिल 6755 किसान को आज प्रमाण पत्र बांटे जाएंगे। जिनके खातों में बैंकों के नोडल अधिकारी की ओर से 30 करोड़ से अधिक कर रकम पहले ही भेज दी गई है। ज्यादा भीड़ न हो इसलिए सिर्फ चुनिंदा किसानों को ही वितरण प्रणाली में शामिल किया गया है।
उपकृषि निर्देशक विजय कुमार ने बताया कि तीसरे चरण में शामिल किसानों को आज तहसील स्तर पर तीन स्थानों पर प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा। इनमें चुनिंदा किसानों को ही आमंत्रित किया गया है। जिनमें तहसील औरैया में तिलक महाविद्यालय के सभाकक्ष में, अजीतमल तहसील में जनता महाविद्यालय के सभाकक्ष में और बिधूना तहसील में सालासर बालाजी मैरिज हाल किशनी रोड रठगांव गांव में सुबह 11 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांसद, विधायकगण एवं जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी शामिल रहेंगे। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि इन कार्यक्रम में मितव्ययता बरती जाए। बता दें कि जो किसान इस दिन बच जाएंगे उनको अलग से संबंधित शाखा प्रबंधक द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संबंधित उप जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जनपद में तीनों चरण में पात्र पाए गए 20389 किसानों के खातों में 111 करोड़ से अधिक की धनराशि स्थानांतरित की जा चुकी है।