दिबियापुर (औरैया)। विधायक दिबियापुर लाखन सिंह राजपूत, विधायक औरैया रमेश दिवाकर एवं बिधूना विधायक प्रतिनिधि देवेश शाक्य जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक दुरुस्त करने के लिए लखनऊ में डीजीपी से मिले।
मंगलवार को जिले के दो विधायक लाखन सिंह राजपूत दिबियापुर एवं रमेश दिवाकर औरैया, तीसरे विधायक विनय शाक्य के प्रतिनिधि एवं भाई देवेश शाक्य बिधूना सबसे पहले प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह से मिले। यहां पर जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई उपाय सुझाए। विधायक लाखन सिंह ने डीजीपी से कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की अपेक्षाओं के अनुरूप औरैया जिले की कानून व्यवस्था हो। अपराधियों पर सख्ती से पेश आया जाए। इसके साथ ही पीड़ितों को जल्द से जल्द न्याय मिले। इसके लिए दिशा निर्देश जारी करने की मांग की।
विधायक औरैया रमेश दिवाकर ने कहा कि अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए। इसके लिए पुलिसिंग और अधिक तेजी से काम करे। इस मौके पर प्रमोद राजपूत, जिला उपाध्यक्ष भाजपा मोनू सिंह चौहान भी मौजूद रहे।
दिबियापुर विधायक लाखन सिंह राजपूत, औरैया विधायक रमेश दिवाकर एवं बिधूना विधायक प्रतिनिधि देवेश शाक्य ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, कृषि विपणन मंत्री स्वाती सिंह एवं खाद्य एवं रसद मंत्री अतुल गर्ग से भी मुलाकात की। तीनों मंत्रियों से विधायकों ने जिले में सभी विभागों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। चिचौली स्थित 100 शैय्या अस्पताल में न्यूरोलॉजिस्ट, पैथालॉजिस्ट एवं बच्चों के विशेषज्ञ की तैनाती की मांग की। विधायक लाखन सिंह राजपूत, विधायक रमेश दिवाकर एवं विधायक प्रतिनिधि देवेश शाक्य ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह से स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक सुधार की गुंजाइश पर चर्चा की। चिचौली स्थित अस्पताल में अस्पताल में न्यूरोलाजिस्ट एवं पैथालॉजिस्ट के साथ बच्चों के विशेषज्ञ न होने की बात बताई। स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वस्त किया कि जल्द ही औरैया जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। कृषि विपणन मंत्री स्वाती सिंह से विधायक रमेश दिवाकर ने कृषि विपणन मंत्री से शिकायत की कि जिले में मंडी परिषद के अधिकारी विभाग से बनी सड़कों के बारे में जानकारी नहीं देते। इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जाए। इसके साथ ही जो अधिकारी विभागीय कार्य की अनदेखी कर रहे हैं, उनपर कार्रवाई की जाए। सभी लोग खाद्य एवं रसद मंत्री अतुल गर्ग से भी मिले। उन्होंने विभागीय समस्याओं के संबंध में मंत्री को जानकारी दी। विधायक प्रतिनिधि देवेश शाक्य, प्रमोद कुमार राजपूत, जिला उपाध्यक्ष मोनू सिंह चौहान भी मौजूद रहे।