कदौरा। गर्मी का मौसम शुरू होते ही पानी का संकट भी चरम पर पहुंच गया है। कदौरा के मरगायां क्षेत्र में बीते तीन चार दिन से पानी के लिए हायतौबा मची है। ट्यूबवेल में हंटिग (रुक-रुक के पानी देना) होने के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित है। प्रधान ने टैंकर का इंतजाम कराया तब पानी मिलना शुरू हुआ। सोमवार को टैंकर का पानी खत्म होने पर इलाकाई लोगों ने जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा किया। अधिकारियों का कहना है कि ट्यूबवेल में मरम्मत का काम चल रहा है, जल्द ही समस्या का समाधान होगा।
बता दें कि मरगांया में सात हजार के आबादी के बीच छह दर्जन हैंडपंप और करीब एक दर्जन कुएं है। अधिकांश कुएं सूखे पड़ेे हैं और हैंडपंप रिबोर की स्थिति में हैं। बीते दो दिन से ट्यूबवेल में आई खराबी के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित है। इस कारण पानी को लेकर क्षेत्र में हायतौबा मची है।
इलाके के दीपू, विमलेश, राजकुमारी, सावित्री, उदयभान आदि ने बताया कि टैंकरों से पानी पूरा नहीं पड़ रहा है। उस पर भी लाइन लगानी पड़ रही है। जल संस्थान के अधिकारी रोज केवल आश्वासन ही दे रहे हैं। ट्यूबवेल ठीक नहीं हो पा रहा है।
आखिर कब तक पानी के संकट का सामना करना पड़ेगा, बताने वाला कोई नहीं है। महिलाओं और बच्चों को दूरदराज से पानी लाना पड़ रहा है। प्रधान उदयभान अहिरवार का कहना है कि जल संस्थान के अधिकारियों को समस्या बताई गई है। उसके बाद दो टैंकरों की व्यवस्था हुई है। जल्द ही कुओं की सफाई और ट्यूबवेल की मरम्मत का काम भी कराया जाएगा।
ट्यूबवेल में रुक-रुक कर पानी आनेे से सप्लाई बाधित, टैंकर बुझा रहे प्यास
अमर उजाला ब्यूरो