अछल्दा (औरैया)। टूंडला से चलकर कानपुर जा रही 64156 पैसेंजर के एक कोच के ब्रेक बॉंडिंग होने से ट्रेन लगभग पोन घंटे तक अछल्दा रेलवे स्टेशन की डाउन लूप लाइन पर खड़ी रही। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में ट्रेन के चालक ने पहिये में आई खराबी को दूर कर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया।
मंगलवार की शाम लगभग 7:30 बजे टूंडला से चलकर कानपुर जा रही पैसेंजर के कोच नंबर 005 के पहिए से अछल्दा स्टेशन से पहले गेट नंबर 14 पर चिंगारी निकलते देखी गई। इस पर रेल कर्मियों ने इसकी जानकारी तत्काल स्टेशन मास्टर दिवाकर पांडेय को दी। इससे कंट्रोलर को जानकारी से अवगत कराते हुए मेमो देकर ट्रेन को अछल्दा स्टेशन पर लूप लाइन पर खड़ा करा दिया गया। जानकारी मिलने पर ट्रेन चालक ने उक्त कोच पर पहुंचकर पहिए में चिंगारी निकलने का कारण पता किया। इसके उपरांत ड्राइवर ने पहिए में आई कमी को दूर किया। इस पूरी प्रक्रिया के चलते लगभग 45 मिनट पर ट्रेन अछल्दा स्टेशन पर खड़ी रही। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन में आई खराबी को दूर करने के पश्चात चालक ट्रेन को 8:15 पर कानपुर की तरफ रवाना कर ले गया। तब जाकर रेल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
-यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा
अमर उजाला ब्यूरो