सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में खुलेंगे बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र
औरैया। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में पिछले सालों की अपेक्षा अधिक सख्ती देखने को मिलेगी। इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश हैं। प्रश्नपत्रों को रखने, बंडल खोलने व परीक्षा पूरी होने तक सभी प्रक्रिया कैमरे की नजर में होगी।
डीआईओएस चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए सख्त निर्देश प्राप्त हुए हैं। जिसमें परीक्षा कक्ष में दो कैमरे लगाए जाने हैं और वाइस रिकार्डर का होना भी जरूरी है। प्रश्नपत्र स्ट्रांग रूम में ही रखें, उसकी चाबी केंद्र व्यवस्थापक के पास ही रखने के आदेश हैं। जिस कार्यालय में अलमारी होगी उसमें सीसीटीवी कैमरे लगवाना अनिवार्य है।
केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश हैं कि प्रश्नपत्र रखने के बाद परीक्षा खत्म होने तक अलमारी को खोलने व बंद करने का कार्य केवल केंद्र व्यवस्थापक ही करेंगे। परीक्षा के दिन प्रश्नपत्रों को खोलने के लिए भी अलग से दिशा निर्देश दिए गए हैं। प्रश्नपत्र के पैकेट की सील सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में खोले जाने के निर्देश हैं।
डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि पैकेट खोलने से पहले अंतिम बार स्कीम से कोड का मिलान जरूर कर लें। यदि गलती से भी गलत प्रश्नपत्र का पैकेट खुल गया तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उत्तर पुस्तिका के इस्तेमाल को लेकर भी डीआईओएस ने निर्देश दिए।