कुंभ मेले में औरैया डिपो से जाएंगी 48 बसें
- कुंभ स्नान करने वाले यात्रियों की मदद को बसों पर लिखे होंगे चालकों के मोबाइल नंबर
अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। कुंभ यात्रियों को लेकर प्रशासन गंभीर हैं। श्रद्धालुओं को प्रयागराज तक जाने और वहां से घर लौटने तक उनकी हर समस्या और जरूरतों का ध्यान रखा जा रहा है। ऐसे श्रद्धालुओं को लाने और ले जाने में औैरैया डिपो से अब 48 बसें चलाई जाएंगी।
औरैया डिपो में अप बसों की संख्या 96 जा पहुंची है। शासन के निर्देशानुसार कुंभ के लिए जाने वाली बसों की संख्या 42 से बढ़ाकर 48 कर दी गई है। 14 जनवरी को होने वाले मकरसंक्रांति के अवसर पर प्रयागराज जाने वाली बसों की संख्या में बढ़ोत्तरी की जाएगी फिर लगातार बसों की संख्या बढ़ेगी। इसके अलावा अन्य रूटों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बसों का संचालन होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी बसों पर चालकों, परिचालकों के मोबाइल नंबर स्टीकर लगाकर अंकित किए जाएंगे। इन स्टीकरों पर कुंभ जाने और वहां से आने का समय भी अंकित होने के साथ ही चालकों के लाइसेंस का नंबर और उनकी वैधता का जिक्र भी स्टीकर पर होगा। जिससे कि यात्री चालक को फोन करके अपनी सुविधानुसार बस तक पहुंच सके।
कार्यवाहक एआरएम ने परखीं व्यवस्थाएं
शुक्रवार को कार्यवाहक एआरएम राघवेंद्र सिंह ने औरैया डिपो पहुंचे। संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन रूटों पर विशेष ध्यान रखा जाए। जहां सवारियां अधिक हैं। साथ ही डिपो परिसर में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए समय से बसों का संचालन किया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।