वृद्धजनों से वार्ता करतीं जिला विधिक प्राधिकरण की सचिव। स्रोत:प्रशासन
औरैया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष मयंक चौहान के निर्देश पर सचिव रोमा गुप्ता ने मंगलवार को आनेपुर स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वृद्धाश्रम की बदहाली सामने आई। कागजों में 139 वृद्धजन दर्ज थे, जबकि मौके पर केवल 78 वृद्ध मिले। कई कर्मचारी भी नदारद मिले।
निरीक्षण में किचन और भंडारण कक्ष में कई कमियां मिलीं। प्रबंधक नरेंद्र पाल को इन्हें सही कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वृद्धजनों की नियमित जांच नहीं की जा रही थी। प्रबंधक को मुख्य चिकित्साधिकारी से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
कई वृद्धजनों के आधार कार्ड और आयुष्मान हेल्थ कार्ड नहीं बने थे। इसके लिए संबंधित विभाग को जल्द कैंप लगाने के निर्देश दिए गए। सचिव रोमा गुप्ता ने बताया कि एक नवंबर को ककोर में वृहद विधिक जागरूकता और सहायता शिविर आयोजित होगा। इसमें आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
मुख्य एलएडीसीएस जितेंद्र कुमार ने वृद्धजनों को भरण-पोषण के कानूनी हक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे एसडीएम को प्रार्थनापत्र देकर बच्चों से भरण-पोषण प्राप्त कर सकते हैं। निरीक्षण और शिविर में कार्यालय प्रभारी दिलीप कुमार व पीएलवी लालता प्रसाद भी मौजूद रहे।