औरैया। कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को हुई पीस कमेटी की बैठक में मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा एवं आईजी आलोक कुमार ने होली का त्योहार भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। साथ ही निर्देश दिए कि होली के मौके पर स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग पूरी तरह से मुस्तैद रहे।
मंडलायुक्त ने कहा कि होली पर यदि किसी व्यक्ति द्वारा दूसरे मजहब के व्यक्ति पर भूलवश रंग पड़ जाता है तो बुरा न माने। यदि कोई जानबूझकर ऐसा करता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में होलिका दहन के स्थान को पहले से ही चिह्नित कर सुनिश्चित कर लें कि जिस स्थान पर होलिका दहन होना हो तो उसके ऊपर बिजली के तार न हो एवं आसपास ट्रांसफार्मर और फसल न हो। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि जनपद में कोई भी ट्रांसफार्मर खराब न हो व तार ढीले न हो। कोई शिकायत मिलती है तो उस पर कार्रवाई की जाए। कहीं पर कोई विवाद है तो उसको आपसी सहमति से सुलझा लिया जाए। बैठक में मौजूद आईजी ने कहा कि होली के दौरान बाइक पर बैठकर हुड़दंग मचाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बैठक में जिलाधिकारी अभिषेक सिंह, पुलिस अधीक्षक हरीश चंद्र, सीडीओ श्रीकृष्ण त्रिपाठी, एडीएम विजय बहादुर सिंह, एएसपी कमलेश दीक्षित, समस्त एसडीएम समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।