फफूंद (औरैया)। भाग्यनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत खगीपुर के राशन डीलर द्वारा प्रति माह कई गरीबों के राशन को हजम किए जाने और वितरित करते समय गल्ले में कटौती करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी को शिकायती पत्र देकर राशन डीलर की जांच कराए जाने की मांग की है।
ब्लाक की ग्राम पंचायत खगीपुर के गांव दयालनगर व खगीपुर निवासी पात्र गृहस्थी व बीपीएल कार्ड धारक सरिता देवी, निर्मला देवी, ब्रह्मा देवी, राजा बेटी, सुनीता देवी, राधा देवी, नीतू देवी, गुड्डी देवी, सुमन देवी, ममता, पिंकी देवी ने बताया कि लगभग आठ माह पूर्व उनकी ग्राम पंचायत का राशन डीलर खिरिया निवासी रामप्रकाश था। पंचायत अलग हो जाने से खगीपुर निवासी दीपक कुमार को राशन डीलर के लिए चुना गया था जब से वह ही गल्ला वितरण करता है। राशन डीलर के पास जब वे लोग गल्ला लेने जाते हैं तो वह मशीन में अंगूठा निशान न आने की कहकर बगैर गल्ला दिए लौटा देता है।
पूरे माह का राशन हजम कर जाता है। पात्रों ने यह भी बताया कि राशन डीलर किसी महीने जिस ग्रामीण को गल्ला देता है तो प्रति कार्ड दो किलो गल्ला कम देता है, जबकि पैसे पूरे लेता है। साथ ही एक कार्ड पर जबरदस्ती चार किलो तक नमक देकर प्रति पैकेट 10 रुपये के हिसाब से पैसे लेता है। अगर कोई कार्डधारक नमक कम देने या गल्ला पूरा मांगता है तो डीलर अभद्रता करता हुआ गल्ला देने से मना कर देता है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर डीलर की जांच कराए जाने की मांग की है।
-कार्ड धारकों में आक्रोश, खंड विकास अधिकारी को दिया प्रार्थना पत्र
अमर उजाला ब्यूरो