फोटो -38- बूथ पर मौजूद बीएलओ व जानकारी करते आवेदक। संवाद
- एसएसआर अभियान के अंतिम दिन बूथों पर पहुंचे वंचित मतदाता
- प्राथमिक विद्यालय उमरैन के बूथ संख्या पांच पर सर्वाधिक 35 नए वोट बने
संवाद न्यूज एजेंसी
एरवाकटरा। विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतिम दिन रविवार को क्षेत्र के आठ बूथों पर कुल 126 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए, जबकि 15 मतदाताओं के डाटा में सुधार के लिए फार्म-8 जमा किए गए।
ब्लॉक क्षेत्र के गांव तुर्कपुर यासीन, नगला दौलत, नगला बांस, हरनागरपुर और उमरैन के बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक वंचित मतदाता अपने और परिवार के सदस्यों के नाम जुड़वाने व गलत विवरणों में सुधार कराने के लिए पहुंचते रहे। अंतिम दिन भी प्रधान और राशन डीलर बूथों से दूरी बनाए रहे। हरनागरपुर के बूथ संख्या चार के बीएलओ राजीव पोरवाल ने शाम पांच बजे तक 10 नए वोट बनाए। नगला दौलत के बूथ संख्या 10 के बीएलओ विजपाल ने सात नए मतदाता जोड़े। नगला बांस स्थित बूथ संख्या तीन के बीएलओ संजीव कुमार ने 25 नए वोट बनाने के साथ तीन मतदाताओं के डाटा में सुधार किया। उमरैन के जिला पंचायत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित बूथ संख्या सात के बीएलओ हरपाल सिंह ने सात नए वोट बनाए और तीन मतदाताओं के डाटा में सुधार किया। बूथ संख्या आठ के बीएलओ शिवम कौशल ने 20 नए मतदाताओं को जोड़ा। इसके अलावा अन्य जगहों पर भी नए वोटर जोड़े गए। पूरे अभियान के दौरान बीएलओ को ही घर-घर संपर्क करने, छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने और मतदाता सूची की त्रुटियां दूर कराने की जिम्मेदारी निभानी पड़ी।