अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। बोर्ड की ओर से जिले में बनाए गए केंद्रों में कुछ केंद्र सड़क या खेत के किनारे हैं। ऐसे केंद्रों की खिड़कियों को बंद करने के निर्देश डीआईओएस की ओर से दिए गए हैं। विभाग की माने तो कई अराजकतत्व ऐसे केंद्रों पर अक्सर परीक्षा के समय छात्रों को नकल पहुंचाने की कोशिश करते हैं। ऐसे कालेजों के प्रधानाचार्यों को डीआईओएस की ओर से निर्देशित किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में 92 कालेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिसमें कुछ केंद्रों पर अभी भी कुछ कमियां देखने को मिल रही है। शासन की मंशा है कि इस बार नकलविहीन परीक्षा कराई जाए। जिसके लिए डीआईओएस चंद्र प्रताप सिंह लगातार केंद्रों पर जाकर कमियों को दूर करने के लिए लगातार प्रधानाचार्यों की नकेल कस रहे हैं। डीआईओएस निरीक्षण के दौरान कुछ केंद्र ऐसे भी पाए गए जिसके कमरे सड़क या खेत के किनारे पड़ते हैं।
पिछले वर्ष उक्त केंद्रों पर छात्रों को नकल मुहैया कराने के लिए बाहर से लोग नकल सामग्री दिया करते थे। विभाग की माने तो ऐसे सभी केंद्रों के प्रधानाचार्यों को उस तरफ की खिड़की बंद किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। डीआईओएस ने बताया कि 92 केंद्रों में अधिकतर जगहों पर परीक्षा के समय छात्रों को कोई दिक्कत नहीं होगी। जहां दिक्कत की संभावना है। वहां वह स्वयं जाकर संबंधित प्रधानाचार्यों को दिशा निर्देश दे रहे हैं।