आटा। आटा के इटौरा मार्ग में घने कोहरे में ट्रक व आटो की भिड़ंत हो गई। आटो सवारियां लेकर आटा आ रहा था। राहगीरों ने मदद कर आटों में बैठी सवारियों को बाहर निकाला। हादसे में आटो में बैठी छह सवारियां घायल हो गई, जिनमें एक की हालत नाजुक है। सभी को अस्पताल ले जाया गया। राहगीरों की सूचना पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया।
आटा थाना क्षेत्र के ग्राम इटौरा से एक आटो गुरुवार सुबह सवारियां लेकर आटा आ रहा था। आटो इटौरा से कुछ दूर निकला ही था कि कोहरा ज्यादा होने की वजह से चालक को रास्ता साफ नजर नहीं आया, जिससे आटो सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। ट्रक गिट्टी लादकर झांसी से इटौरा गैंस एजेंसी जा रहा था।
ट्रक से टकराते ही ऑटो पलट गई। सवारियों की चीख पुकार से वहां हड़कंप मच गया। चीख सुनकर आस पास मौजूद राहगीर दौड़ कर आए। उन्होंने किसी तरह ऑटो में फंसी सवारियों को बाहर निकाला। हादसे में आटो में बैठी माया देवी पत्नी उमाशंकर, नीरज कुमार पुत्र मानसिंह, रोहित पुत्र संतोष, काजल पुत्री उमाशंकर, समीर पुत्र कल्लू मंसूरी व चालक मंगल पुत्र रामनारायण निवासीगण इटौरा घायल हो गए।
इसमें समीर की हालत गंभीर थी, जबकि बाकी लोगों को मामूली चोटें आईं। उधर ट्रक चालक सलमान पुत्र इसराइल व क्लीनर गुलजार खां पुत्र आजम खां निवासीगण इंगुई खुर्द भी चुटहिल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचित कर सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आटा पहुंचाया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने ट्रक व आटों को कब्जे में ले लिया।
आटा के इटौरा मार्ग पर हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो