अजीतमल तहसील में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय तहसील दिवस में अपर जिलाधिकारी एके सिंह व पुलिस अधीक्षक मनोज तिवारी ने फरियादियों की व्यथा सुनी।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र ही निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समय से किया जाए। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने अपराध से जुड़ी शिकायतों को सुना।
शिकायतों में अशोक कुमार, अनिल, कमरूददीन ने वार्ड के राशन विक्रेता देवेंद्र कुमार पर राशन कम व खराब देने की शिकायत की। भदसान निवासी गुडडी देवी पत्नी राजू ने डीलर पर पांच माह से राशन न देने का आरोप लगाया।
जगनपुर निवासी संतोष कुमार ने अपात्रों को इंदिरा आवास देने की शिकायत की। सूर्य नगर अजीतमल निवासी रूखसाना पत्नी अजमेरी ने रास्ते में कूड़ा डालने की शिकायत की ।
तहसील दिवस में सर्वाधिक शिकायतें राशन संबंधी रहीं। देर शाम तक तहसील दिवस में आई 118 शिकायतों में चार का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस मौके पर सीडीओ एसएन चौधरी, प्रभारी सीएमओ डॉ. विनोद सागर, उपजिलाधिकारी राजेंद्र सिंह, तहसीलदार देवेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार संध्या शर्मा, खंडविकास अधिकारी एके मिश्रा , एक्सईएन विद्युत पंकज शर्मा, नगर पंचायत बाबरपुर से मेघ सिंह, नगर पंचायत अटसू से नवाब सिंह मौजूद रहे ।