फफूंद (औरैया)। कस्बा स्थित दरगाह हजरत शाह जाफर पीर बुख़ारी (रह.) अलैह के दो दिवसीय सालाना उर्सं की शुरुआत शनिवार को सुबह से होगी, जिसमे3 कस्बे के अलावा आसपास क्षेत्र से तमाम अकीदतमंद शामिल होंगे। उर्स को लेकर दरगाह को पहले से ही सजाया संवारा जा चुका है।
मुहल्ला मेवातियान स्थित कस्बे के प्रसिद्ध सूफी संत हजरत शाह जाफर पीर बुखारी (रह.) अलैह के सालाना उर्स की शुरुआत शनिवार को सुबह नमाज फज्र के बाद कुरान ख़वानी से होगी। यह जानकारी मदरसा जामिया समदिया के प्रबंधक व शहर काजी औरैया सैयद गुलाम अब्दुस्समद मियां चिश्ती ने जुमे की नमाज से पहले दी। उन्होंने बताया कि उर्स के सभी प्रोग्राम दरगाह के अहाते के अंदर होंगे। इसकी शुरुआत शनिवार को फज्र की नमाज के बाद क़ुरान ख़वानी से होगी। इसके बाद मजार शरीफ का ग़ुस्ल होगा। गुस्ल के बाद महफिले शमा होगी। असर की नमाज के बाद दरगाह में मख़सूस फातिहा होगी।
बाद नमाजे इशा तकऱीरी प्रोग्राम होगा। इसके बाद संदल व गागर शरीफ की महफिल होगी। महफिल के बाद लोगों को लंगर खिलाया जाएगा। रविवार को उर्स के दूसरे दिन की शुरुआत भी बाद नमाजे फज्र कुरान खवानी से होगी। जिसके बाद मुख्तसर तकऱीरी प्रोग्राम होगा। इसके बाद महफिले शमा होगी। महफिले शमा के बाद दस बजे कुल की महफिल व फातिहा के साथ दो दिवसीय उर्स शाह जाफर रहमतुल्लाह अलैह (पीर बुख़ारी) का समापन होगा। उर्स में कस्बे के अलावा आसपास क्षेत्र से तमाम लोग उर्स में शामिल होने के लिए आते हैं।
-दरगाह के अहाते में होंगे उर्स के प्रोग्राम, रविवार सुबह होगी फातिहा
अमर उजाला ब्यूरो