अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। केंद्र पोषित प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई व माइक्रोइरीगेशन योजना के अंतर्गत जिले में करीब 151 हेक्टेयर जमीन पर बागवानी व 174 हेक्टेयर जमीन पर सब्जी की खेती उद्यान विभाग किसानों से हाईटेक तरीके से कराएगा।
लगातार समस्याओं से जूझ रहे किसान को लेकर केंद्र सरकार से लेकर प्रदेश सरकार गंभीर होती दिख रही है। किसानों की समस्या को दूर करने के लिए सरकार तमाम योजनाएं संचालित कर रही है। केंद्र पोषित प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई व माइक्रोइरीगेशन योजना के अंतर्गत प्रशासन किसानों से बागवानी व सब्जी की खेती कराएगा, जिससे किसानों को कई फायदे भी होंगे। खेती के लिए शासन की ओर से किसानों की खेती में लगने वाले बीज से लेकर सभी चीजों पर अलग-अलग अनुदान भी देगी।
योजना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जो भी किसान इस योजना का लाभ लेना चाहता है वह आनलाइन या उद्यान विभाग में संपर्क कर नि:शुल्क रजिस्ट्रेशन कराए। इस योजना का लाभ पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर होगा। इस योजना के अंतर्गत अभी तक 33 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
योजना के अंतर्गत जो भी किसान रजिस्ट्रेशन कराएंगे, विभाग की ओर से मौके पर जाकर उसकी जांच की जाएगी। सत्यापन के बाद क्रय रसीद विभाग में जमा करने पर किसान के खाते में डीबीटी के माध्यम से अनुदान भेजा जाएगा।
बागवानी व सब्जी की खेती तीन प्रकार के सिस्टम ड्रिप इरीगेशन सिस्टम, स्प्रिंकलर इरीगेशन सिस्टम सहित रेनगन स्प्रिंकलर सिस्टम से कराएगी। योजना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि ड्रिप इरीगेशन सिस्टम के तहत 35 हेक्टेयर बागवानी सब्जी, 114 हेक्टेयर रेनगन स्प्रिंकलर सिस्टम के तहत बागवानी, 70 हेक्टेयर व सब्जी 60 हेक्टेयर सहित स्प्रिंकलर इरीगेशन सिस्टम के तहत 46 हेक्टेयर का लक्ष्य जिले को दिया गया है।
-योजना के अंतर्गत 33 किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन