जालौन। सभी कर्मचारी स्वच्छता अभियान पर ध्यान दें। पुराना ढर्रा छोड़ दें, यदि किसी भी मोहल्ले से गंदगी की शिकायत आई तो विशेषतौर पर सफाई कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। लापरवाह कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सड़कों पर गंदगी फैलाने वाले आवारा जानवरों को भी पकड़कर बंद करें। यह निर्देश पालिकाध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता ने पालिका कार्यालय में अपने अधीनस्थों को दिए।
पालिकाध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात शुक्रवार को अपने कार्यालय में बैठे। अपने पहले कार्य दिवस में ही वह पूरे रंग में दिखे। उन्होंने पालिका में तैनात कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि अभी तक जैसा चलता रहा है वैसा अब बिलकुल नहीं चलेगा, सभी कर्मचारी अपनी कार्यशैली को बदल लें। जिसका जो भी कार्य है वह मुस्तैदी से अपने कार्य को अंजाम दे।
कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता के साथ सुनकर उनका तत्काल निराकरण करें। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने सभासदों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी सफाई नायकों को बुलाकर सख्त हिदायत दी कि प्रत्येक सफाई कर्मचारी नियमित अपने मोहल्लों में पहुंचकर तत्परता से अपना काम करें। सफाई के उपरांत निकलने वाला कूड़ा प्रतिदिन उठाया जाए।
इसके अलावा नालियों की भी नियमित सफाई कराई जाए। नगर में कहीं भी गंदगी नहीं मिलनी चाहिए। समय समय पर वे स्वयं वार्डों का निरीक्षण करेंगे। सफाई व्यवस्था में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तो वहीं, आवारा सुअरों के विचरण की समस्या को भी गंभीरता से लेते हुए कहा कि नगर में जो भी आवारा सुअर विचरण कर रहे हैं। यदि उनके पालक नहीं मान रहे हैं तो सुअरों को पकड़कर बंद कराया जाए।
आवारा सुअरों को विचरण नगर में कतई नहीं होना चाहिए। प्रधान लिपिक रविंदर सलूजा सभासद नरसिंह यादव, भूरे यादव, राजकुमार, सोमिल याज्ञिक, सुरेंद्र कुशवाहा, दीपू, ललित अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
पालिकाध्यक्ष ने चार्ज संभालते ही दिखाए तेवर
सफाई पर दिया जोर, स्वयं भी करेंगे निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो