अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर (औरैया)।
बुधवार शाम अछल्दा रेलवे स्टेशन के आसपास बम रखे जाने की सूचना पर आरपीएफ, जीआरपी एवं अछल्दा पुलिस में हड़कंप मच गया। कई घंटों तक रेलवे एवं स्थानीय पुलिस खासी परेशान रही। हालांकि बाद में यह सूचना फर्जी साबित हुई। रेलवे पुलिस का कहना है कि यह सूचना किसी शराबी की शरारत हो सकती है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम तकरीबन साढ़े छह बजे एक व्यक्ति ने यूपी 100 को सूचना दी कि अछल्दा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति बम रख सकता है। आनन फानन अछल्दा थानापुलिस ने फफूंद रेलवे स्टेशन पर स्थित जीआरपी चौकी पुलिस एवं आरपीएफ को सूचना दी। ट्रैक पर बम रखे जाने की सूचना पर हड़कंप मच गया।
आनन फानन आरपीएफ के प्रभारी राजकुमार, जीआरपी के चौकी इंचार्ज रामबरन सिंह, अछल्दा थाने के एसआई उदयवीर सिंह अपने दल बल एवं विभिन्न उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुए। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति को फोन लगाया, लेकिन मोबाइल स्विच आफ निकला। पुलिस ने कई घंटों तक रेलवे स्टेशन अछल्दा के आसपास सर्च आपरेशन चलाया। पर ट्रैक पर कहीं नहीं मिला। रात लगभग 11 बजे रेलवे पुलिस वापस फफूंद लौट आई। जीआरपी चौकी इंचार्ज रामबरन सिंह का कहना है कि फोन किसी शरारती या शराबी की हरकत हो सकती है।
- कई घंटों तक परेशान रही आरपीएफ, जीआरपी एवं अछल्दा पुलिस