औरैया। बिधूना ब्लॉक क्षेत्र के विद्यालयों के निरीक्षण में बीएसए ने अनुपस्थित मिले एक शिक्षक का एक दिन का वेतन रोकने के साथ ही एक सप्ताह में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। वहीं विद्यालय में एमडीएम में अनियमितता पाए जाने पर उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं।
बुधवार को बिधूना ब्लॉक क्षेत्र का बीएसए एसपी सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय भिखरा का निरीक्षण किया। यहां मौके पर पंजीकृत 182 बच्चों में सिर्फ 36 बच्चे मिले। प्रधानाध्यापक ऊदन सिंह को चेतावनी दी गई। वहीं सहायक अध्यापक मोहम्मद यूनिस के गैर हाजिर मिलने पर उनका एक दिन का वेतन काटने तथा एक सप्ताह में स्पष्टीकरण तलब किया है। इसी विद्यालय में एमडीएम में अनियमितता की भी शिकायत मिलने पर बीएसए ने जांच कराने के आदेश दिए हैं। बीएसए ने उच्च प्राथमिक विद्यालय भिखरा का भी निरीक्षण किया, जहां उन्हें पंजीकृत 160 छात्र में मौके पर 58 बच्चे ही मौजूद मिले।
प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय चंदरपुर में निरीक्षण के दौरान बीएसए को प्राथमिक विद्यालय में पंजीकृत 95 बच्चों के सापेक्ष 60 व उच्च प्राथमिक में पंजीकृत 46 बच्चों के सापेक्ष 26 बच्चे मौजूद मिले। इस संबंध में बीएसए एसपी सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों में चुनाव के दौरान सभी सुविधाएं मुहैया पाईं गईं। बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को भी अपने-अपने विद्यालयों में साफ-सफाई रखने के भी निर्देश दिए हैं।
-बीएसए ने एमडीएम में खामी पर जांच के दिए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो