फोटो 22एयूआरपी17- दूध की बर्फी का नमूना भरते टीम के सदस्य
खाद्य सामग्री बेचने वालों की दुकानों पर छापा
- दूध की बर्फी, मिल्क केक व वनस्पति तेल के नमूने भरे
अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए शुक्रवार को खाद्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को शहर में कई स्थानों पर अभियान चलाया। छापे की सूचना पर खाद्य सामग्री बेचने वालों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार तो अपनी दुकानों का शटर बंद कर भाग निकले।
शुक्रवार को खाद्य स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल भरने का अभियान चलाया। इसके तहत विभाग की टीम ने पाल स्वीट हाउस पहुंचकर यहां से दूध की बर्फी का नमूना लिया। इसके बाद राम कुमार स्वीट हाउस से मिल्क केक और विनय किराना स्टोर से वनस्पति तेल का नमूना भरा। विनय किराना स्टोर के मालिक को फूड सेफ्टी लाइसेंस बनवाने की हिदायत भी दी गई। मिठाई व किराना की दुकानों पर सैंपल भरे जाने की सूचना मिलते ही नगर के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार तो अपनी-अपनी दुकानों का शटर बंद कर भाग खड़े हुए। वहीं में एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी जीके दुबे और खाद्य सुरक्षाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शासन की मंशानुसार मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों की बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित की जा रही है। जिन दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने भरे गए है, उनको जांच के लिए लखनऊ की प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। मिलावट पाए जाने पर दुकान मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।