भीषण आंधी ने बीहड़ के गांव कलापुर में हाहाकार मचा दिया। घर में खाना बनाते समय तेज हवाओं के कारण चूल्हे से निकली चिंगारी ने दस घरों की गृहस्थी उजाड़ दी। आग की सूचना मिलने पर दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत से सुबह तक आग में काबू पाया।
जनपद में आई तेज आंधी तो गुजर गई पर अपने तबाही के मंजर के निशान बीहड़ के गांव कला पुर में छोड़ गई। सोमवार रात कला पुर निवासी मोहर सिंह के घर में चूल्हे में खाना बन रहा था। उसी दौरान आए तूफान के कारण चूल्हे से निकली चिंगारी मोहर सिंह के छप्पर पर जा पहुंची। जिससे छप्पर में आग लग गई। छप्पर में लगी आग ने पड़ोसी सीतराम के घर को भी चपेट में ले लिया। तेज हवाओं के कारण दोनो घरों में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धधकी आग देख ग्रामीणों में हाहाकार मच गया।
ग्रामीण मोहर सिंह व सीताराम के घर आग बुझाने दौडे़ ही थे कि भयंकर तूफान से गांव के आस पास के घर भी धधक उठे। आग की लपटों की चपेट में आकर दर्जनों मवेशी स्वाहा हो गए। गांव में आग की उठती चिंगारियां देख ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों समेंत दमकल विभाग को फोन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए दमकल की गाड़ियों समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब नौ बजे जाकर आग पर काबू पाया।
वहीं आग की सूचना पाकर एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव, तहसीलदार रामनयन, लेखपाल प्रमोद यादव मौके पर पहुंच कर आग से हुए नुकसान जायजा लिया। वहीं एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आग लगने से लाखों रुपये की क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ितों की भरपूर मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए दैवीय आपदा राहत कोष की ओर से और भी मदद की जाएगी।
इनसेट
किस-किस के घर लगी आग
मोहर सिंह, सीताराम, चौबे सिंह, सिया कुमारी, हरनाम सिंह, महराज सिंह, पीतम, धनसिंह, दशरथ, रामपाल, मुकेश, लाल सिंह, मंगल सिंह, हिम्मत सिंह, नरेश, होशियार सिंह, अवधेश, इंकला, श्रीकांत समेत कई ग्रामीणों के घर जल कर खाक हो गए।
ग्रामीणों को पहुंचाई मदद
औरैया। अग्नि पीड़ितों को राहत प्रदान करने के लिए सरकारी अमले और सपा नेताओं ने हाथ आगे बढ़ाए हैं। एसडीएम जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि अग्नि पीड़ित प्रत्येक परिवार को 7900 की चेंके प्रदान कर फौरी तौर पर सहायता प्रदान की गई। वहीं जिला प्रशासन की ओर से सभी अग्नि पीड़ितों के खाने के की भी व्यवस्था की गई। वहीं समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत अध्यक्ष राजवीर यादव, ब्लाक प्रमुख सौरभ भूषण शर्मा व सपा नेता अवधेश भदौरिया ने मौके पर पहुंच कर पीड़ितों को राशन के सामान के साथ कपड़े भी बांटे। ब्लाक प्रमुख सौरभ भूषण ने बताया कि सभी पीड़ितों को इंदिरा आवास योजना के तहत आवास भी दिए जाएंगे।