उत्तर प्रदेश के कानुपर स्थित मरियमपुर चौराहे से लेकर विजयनगर तिराहे तक का रास्ता अब अतुल माहेश्वरी मार्ग के नाम से जाना जाएगा। शुक्रवार को महापौर जगतवीर सिंह द्रोण ने फजलगंज स्थित अमर उजाला कार्यालय के पास आयोजित समारोह में मार्ग का लोकार्पण किया।
इस मौके पर अतुल माहेश्वरी की सेवाओं को याद किया गया। अतुलजी के कुशल नेतृत्व में आज ही के दिन 1 मार्च 1992 को अमर उजाला का प्रकाशन कानपुर से शुरू हुआ था।
इस मौके पर द्रोण ने अमर उजाला के नवोन्मेषक अतुल माहेश्वरी को पत्रकारिता के लिए समर्पित व्यक्तित्व बताया। साथ ही कहा कि उनकी शुभकामना है कि अमर उजाला इसी तरह तरक्की करता रहे।
क्षेत्रीय पार्षद राजेंद्र प्रताप कटियार ने कहा कि अपनी बेबाक और निष्पक्ष छवि के कारण पत्रकारिता के क्षेत्र में अमर उजाला का अपना अलग स्थान है। उन्होंने कहा कि मैं तो अमर उजाला के शहर से प्रकाशन के पहले दिन से ही उसका मुरीद हूं।
अतुलजी ने पत्रकारिता के आदर्शों और मूल्यों के साथ कभी समझौता नहीं किया। उनके सिद्धांतों की छाप अमर उजाला में साफ तौर पर दिखती है। अखबार की छवि निरंतर निखरती जा रही है।